
सीहोर : प्रदेश सहित जिले में भी समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी का कार्य जारी है। लेकिन देखने में आ रहा है कि सरकारी सिस्टम की गिरफ्त में किसान फंसा हुआ नजर आ रहा है। इसकी पोल स्वयं बीजेपी-कांग्रेस नेताओं के समक्ष खुल रही है। एक ही दिन में जिले के दो बड़े नेता जिनमें बीजेपी विधायक सुदेश राय व किसान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष धर्मेन्द्र सिंह चौहान शिकायत मिलने पर केन्द्र पहुंचे और नाराजगी जताई। सीहोर विधायक सुदेश राय को शिकायत मिली थी कि उपज तुलाई के बदले किसानों से पैसे लिए जा रहे हैं। इस शिकायत विधायक सुदेश राय तुरंत कृषि उपज मंडी स्थित केन्द्र पहुंचे और नाराजगी जताई। विधायक सुदेश राय की नाराजगी का वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है, जिसमें वह कहते सुनाई दे रहे हैं… आप यहां दादागिरी करने आए हो, आप दादागिरी करने आए हैं, इनने पैसे मांगे आपसे, कितने पैसे मांगे, पैसे किसने मांगे यहां पर… मौके पर मौजूद किसान ने कहां हां इसने पैसे मांगे। विधायक बोले, सुनो यहां पर्चेस किसके लिए की जा रही है, तुम गरीबों का शोषण करने आए हो, विधायक बोले यह हर जगह की कहानी है और हम हर जगह जाएंगे। ये मोहन यादव की सरकार है, भारतीय जनता पार्टी की सरकार है, किसानों के हित की सरकार है। मैंने पूछा आपका नाम क्या है, आपका पद क्या है, आप किसान को क्यों परेशान कर रहे हो। सीहोर विधानसभा में बदमाशी नहीं होना चाहिए। अब हम चुपचाप छापामार कार्रवाई करेंगे। कांग्रेसी बोली, किसानों से खुली लूटइधर दूसरी और जिले से ही ताल्लुक रखने वाले किसान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष धर्मेन्द्र सिंह चौहान को शिकायत मिली थी कि किसानों की प्रत्येक ट्राली से 30 किलो उपज कम तोली जा रही है। हालांकि यह मामला हरदा का था, जिस पर कांग्रेस नेता धर्मेन्द्र सिंह चौहान संबंधित केन्द्र पहुंचे। चौहान ने कहा कि मैं मध्यप्रदेश की मोहन सरकार से पूछना चाहता हूं क्या तौल कांटों में अंतर निकल सकता है. एक ट्राली में 30 किलो की खुल्लम खुल्ला लूट कर रहे हैं. ये किसानों के साथ धोखा है, यह बहुत बड़ी लूट है. जितने भी तौल कांटे हैं सभी भारतीय जनता पार्टी के एजेंटों के हैं. इन कांटों की विशेष जांच हो, नापतौल विभाग यहां आकर जांच करें और दोषियों पर तत्काल कार्रवाई की जाए।
