
सीहोर : देवशयनी एकादशी के पावन अवसर पर सीहोर जिले के सैकड़ाखेड़ी स्थित प्रसिद्ध खाटू श्याम मंदिर में भक्तों का तांता लगा रहा। रविवार को हुए इस धार्मिक आयोजन में सीहोर, भोपाल, आष्टा, इछावर और आसपास के क्षेत्रों से हजारों श्रद्धालु बाबा श्याम के दर्शनों को पहुंचे। कई भक्तों ने पैदल निशान यात्रा कर मंदिर में पहुंचकर अपनी श्रद्धा का परिचय दिया। मंदिर प्रांगण सुबह से ही भक्तिमय माहौल में डूबा रहा। विशेष मंगल आरती के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई, जिसके बाद बाबा श्याम को ढाई क्विंटल फल और 51 किलो खिचड़ी का भोग लगाया गया। मंदिर समिति के सदस्यों ने बताया कि इस अवसर पर भजन-कीर्तन का विशेष आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने बाबा के गुणगान से पूरे वातावरण को आध्यात्मिक भाव से सराबोर कर दिया। बाबा श्याम का विशेष श्रृंगार इस आयोजन का प्रमुख आकर्षण रहा, जिसे देखने के लिए भक्तों ने घंटों लंबी कतार में खड़े होकर दर्शन किए। श्रद्धालुओं का मानना है कि बाबा के दरबार में मांगी गई हर मनोकामना पूरी होती है और इसी विश्वास के साथ वे बार-बार यहां आते हैं।मंदिर समिति के सचिव संदीप सोलंकी ने बताया कि इस आयोजन को सफल बनाने में समिति के जगदीश सोलंकी, मांगीलाल सोलंकी, ओमप्रकाश सोलंकी सहित अन्य सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस दौरान मंदिर परिसर में व्यवस्थाओं का विशेष ध्यान रखा गया, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
