
भोपाल : निरंकारी मिशन के जोन भोपाल 24 ए की मंडीदीप ब्रांच में आयोजित विशाल महिला संत समागम में नारी शक्ति के समाज, परिवार और देश के विकास में योगदान पर प्रकाश डाला गया। कानपुर से पधारी बहन शिखा ढींगरा जी की मौजूदगी में हुए इस समागम में भोपाल जोन की विभिन्न ब्रांचों से हजारों महिला श्रद्धालुओं ने भाग लिया।समागम में बहन शिखा ढींगरा ने कहा कि नारी शक्ति ने हर भूमिका में समाज को सँभाला है और राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान दिया है। उन्होंने निरंकारी मिशन में मातृशक्ति के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि जगत माता बुद्धवंती जी से लेकर वर्तमान सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज तक ने मानवता को एकसूत्र में बाँधने का कार्य किया है।इस अवसर पर श्रद्धालु बहनों ने भक्ति गीत, कविताओं और आध्यात्मिक विचारों के माध्यम से सतगुरु माता जी के संदेशों को प्रस्तुत किया। बहन शिखा जी ने सभी से प्रेम और एकता का संदेश देते हुए कहा कि ईश्वर की दृष्टि में सभी समान हैं और आत्मा का कोई धर्म या जाति नहीं होता। समागम का आयोजन जोनल इंचार्ज महात्मा अशोक जुनेजा जी के मार्गदर्शन में किया गया। इस दौरान भोपाल, बैरागढ़, सीहोर, इटारसी, गुना, विजयपुर सहित जोन की सभी ब्रांचों से आई हुई बहनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। निरंकारी मिशन द्वारा ऐसे आध्यात्मिक और सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन निरंतर जारी है।
