माखनलाल चतुर्वेदी विश्वविद्यालय में साइबर सुरक्षा और एआई पर नए पाठ्यक्रम शुरू होंगे

भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय में साइबर सुरक्षा और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) पर केंद्रित नए पाठ्यक्रम शुरू करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री निवास स्थित समत्व भवन में आयोजित विश्वविद्यालय की महापरिषद की बैठक में यह निर्णय लिया गया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि विश्वविद्यालय को मीडिया क्षेत्र में एक उन्नत शोध संस्थान के रूप में विकसित किया जाए। उन्होंने राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी संप्रेषण और उनके सर्वेक्षण के लिए भी विश्वविद्यालय में विशेष गतिविधियाँ शुरू करने पर जोर दिया। बैठक में उच्च शिक्षा मंत्री श्री इंदर सिंह परमार, इंदौर सांसद श्री शंकर लालवानी और विश्वविद्यालय के कुलगुरू श्री विजय मनोहर तिवारी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।महापरिषद ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत एक वर्षीय स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम शुरू करने की मंजूरी दी। इनमें एम.ए. (पत्रकारिता एवं रचनात्मक लेखन), एम.ए. (जनसंचार), एम.ए. (विज्ञापन एवं जनसंपर्क), एम.एससी. (इलेक्ट्रॉनिक मीडिया) और एम.एसी.ए. जैसे पाठ्यक्रम शामिल हैं। साथ ही, यूजीसी पीएचडी अधिनियम 2022 के अनुसार पीएचडी प्रवेश प्रक्रिया शुरू करने की भी स्वीकृति दी गई। बैठक में विश्वविद्यालय के रीवा और खंडवा परिसरों में रोजगारपरक पाठ्यक्रम शुरू करने, फेस डिटेक्शन मशीन से छात्रों की उपस्थिति दर्ज करने और नवीन मीडिया प्रौद्योगिकी विभाग में प्रिंटिंग व पैकेजिंग लैब स्थापित करने के प्रस्तावों को भी मंजूरी मिली। इसके अलावा, रीवा परिसर के सभागार का नाम लाल बलदेव सिंह सभागार रखने का निर्णय लिया गया।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular