
भोपाल: मध्यप्रदेश में स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित कक्षा 5वीं और 8वीं की बोर्ड परीक्षाओं के परिणाम शुक्रवार दोपहर 1 बजे जारी कर दिए गए। इस वर्ष इन परीक्षाओं में प्रदेश के 1 लाख 12 हजार 323 शासकीय और निजी विद्यालयों तथा मदरसों के लगभग 23 लाख विद्यार्थी इन परीक्षाओं में सम्मिलित हुए थे। इनमें से 95 हजार 417 विद्यालय ग्रामीण तथा 16 हजार 906 विद्यालय शहरी क्षेत्रों के हैं। इनमें 86 हजार 553 शासकीय, 25 हजार 101 निजी विद्यालय और 669 मदरसे शामिल हैं। कक्षा 5वीं के कुल 11 लाख 17 हजार 961 विद्यार्थियों में से 8 लाख 24 हजार 598 ग्रामीण और 2 लाख 93 हजार 363 विद्यार्थी शहरी क्षेत्रों के हैं। वहीं कक्षा 8वीं के कुल 11 लाख 68 हजार 866 विद्यार्थियों में से 8 लाख 35 हजार 733 ग्रामीण और 3 लाख 33 हजार 133 विद्यार्थी शहरी क्षेत्रों के हैं। कक्षा 8वीं के परिणामों में टॉप 10 संभाग क्रमशः इंदौर, नर्मदापुरम, शहडोल, चंबल, भोपाल, जबलपुर, उज्जैन, ग्वालियर, रीवा और सागर रहे। कक्षा 8वी के परिणामों में टॉप 10 जिले क्रमशः नरसिंहपुर, अलीराजपुर, डिंडोरी, झाबुआ, बालाघाट, अनूपपुर, सीहोर, छिंदवाड़ा, बड़वानी और मंडला रहे। रिजल्ट जारी होते ही इस परीक्षा पोर्टल पर प्रति मिनट लगभग 70 हजार से अधिक लोगों ने अपना परीक्षा परिणाम देखा। रिजल्ट लिंक पर परिणाम देखने में किसी भी विद्यार्थी या अभिभावक को कोई परेशानी न हो इस दृष्टि से राज्य शिक्षा केन्द्र ने इस बार विशेष व्यवस्थाएं की थीं।
