48वीं अंतरक्षेत्रीय राज्य विद्युत शतरंज प्रतियोगिता में मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी का शानदार प्रदर्शननरेश यादव उपमहाप्रबंधक (सू. प्रौ.) ने व्यक्तिगत स्पर्धा में हासिल किया प्रथम स्थान, भोपाल क्षेत्र की टीम तृतीय

भोपाल। मध्य प्रदेश पावर जनरेटिंग कंपनी लिमिटेड के अमरकंटक ताप विद्युत गृह, चचाई में 01 से 03 सितम्बर 2026 तक आयोजित 48वीं अंतरक्षेत्रीय राज्य विद्युत शतरंज प्रतियोगिता (वर्ष 2026-27) में मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन किया। कंपनी के श्री नरेश यादव, उपमहाप्रबंधक (सू. प्रौ.), कार्यालय महाप्रबंधक (संचा. एवं संधा.) वृत्त, गुना ने व्यक्तिगत स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए 6 में से 5.5 अंक अर्जित किए और प्रथम स्थान प्राप्त कर विजेता का गौरव हासिल किया।

               वहीं टीम स्पर्धा में मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के भोपाल क्षेत्र की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 12 अंक अर्जित कर तृतीय स्थान प्राप्त किया। भोपाल क्षेत्र की टीम में श्री निपुण सिंघल, उपमहाप्रबंधक (सू. प्रौ.), कार्यालय महाप्रबंधक (संचा. एवं संधा.) वृत्त, नर्मदापुरम; श्री उमेश गांधी, प्रबंधक (सू. प्रौ.), एच.टी. बिलिंग सेल, भोपाल; श्री तपन बाथम, वरिष्ठ परीक्षण सहायक, इन्टखेड़ी वितरण केन्द्र तथा श्री रमाकांत सक्सेना, लाइन अटेंडर, आनंद नगर जोन, भोपाल शामिल रहे।

         प्रतियोगिता के समापन अवसर पर व्यक्तिगत एवं टीम स्पर्धा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को प्रमाण-पत्र एवं ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया। व्यक्तिगत स्पर्धा में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले श्री नरेश यादव जनवरी 2027 में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय पावर कंपनी गेम्स की शतरंज प्रतियोगिता में मध्य प्रदेश का प्रतिनिधित्व करने वाली टीम का हिस्सा रहेंगे।

कंपनी के खिलाड़ियों की इस उत्कृष्ट उपलब्धि पर कंपनी के प्रबंध संचालक श्री ऋषि गर्ग ने हर्ष व्यक्त करते हुए सभी विजेता एवं प्रतिभागी खिलाड़ियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने श्री नरेश यादव को राष्ट्रीय पावर कंपनी गेम्स में मध्य प्रदेश का प्रतिनिधित्व करने वाली टीम का हिस्सा बनने पर विशेष रूप से शुभकामनाएं देते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन करने की कामना की।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular