भोपाल में लगातार बारिश से कई जगह जल भराव की स्थिति

भोपाल में कल से रुक-रुक कर तेज बारिश का दौर जारी है, जिससे शहर के निचले इलाकों में जल भराव की स्थिति है। कोलांस नदी के एक फीट ऊपर बहने से बड़ा तालाब में पानी का लेवल बढ़ रहा है। मंगलवार दोपहर 12 बजे कलियासोत डैम के गेटों को खोलने की टेस्टिंग की गई। तेज बारिश के चलते हाफ डे में ही कई स्कूलों की छुट्टी कर दी गई। रात से सुबह तक शहर में 2 इंच बारिश हो गई। इस वजह से कुछ इलाकों में जलभराव हो गया। महापौर मालती राय ने कहा कि फिलहाल गंभीर हालात कहीं भी नहीं है। कंट्रोल रूम से नजर रखी जा रही है। महापौर राय ने नगर निगम के कंट्रोल रूम का जायजा भी लिया। उन्होंने प्राप्त शिकायतों के बारे में जाना। इनका निराकरण कैसे किया गया, यह भी पता लगाया। इधर भोपाल रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म क्रमांक 6 के बाहर स्थित मुख्य सड़क बारिश से जलमग्न हो गई। हमीदिया रोड से लेकर भोपाल टॉकीज तक हर जगह जलभराव की स्थिति देखी गई। मंगलवार को कुल 34 जिलों में तेज बारिश का अलर्ट है। भोपाल, नर्मदापुरम, रायसेन, विदिशा, राजगढ़ और सीहोर में अलग-अलग स्थानों पर 4.5 से 8 इंच तक भारी बारिश होने का अनुमान है।बता दें कि इस बार भोपाल में बारिश के स्ट्रॉन्ग सिस्टम की एक्टिविटी कम रही है। इस वजह से तालाब और डैम में ज्यादा पानी नहीं बढ़ा, लेकिन अब फिर से तेज बारिश शुरू हुई है। ऐसे में अगस्त के पहले सप्ताह तक अच्छा पानी आ सकता है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular