नई दिल्ली,: भारतीय संस्कृति और ज्ञान परंपरा को नई पीढ़ी तक पहुँचाने के लिए केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय, दिल्ली और लिटिल गुरु के संयुक्त तत्वावधान में भारतीय ज्ञान परम्परा ओलम्पियाड 2025 का आयोजन किया जा रहा है। इस प्रतियोगिता में देशभर से लगभग 19,600 छात्रों ने पंजीकरण कराया है, जो युवाओं में भारतीय ज्ञान और संस्कृति के प्रति बढ़ती रुचि को दर्शाता है।
केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. श्रीनिवास वरखेड़ी ने कहा कि यह ओलम्पियाड छात्रों को भारतीय संस्कृति, दर्शन, साहित्य और प्राचीन उपलब्धियों से जुड़ने का एक बेहतरीन अवसर प्रदान करेगा। छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रो. मदनमोहन झा ने बताया कि इसका मुख्य उद्देश्य भारतीय ज्ञान परंपरा के प्रति जागरूकता बढ़ाना और नई पीढ़ी को इससे जोड़ना है।
ओलम्पियाड की मुख्य समन्वयक डॉ. अमृता कौर के अनुसार, कक्षा 6 से 12 तक के छात्रों की परीक्षा 11 अगस्त को और स्नातक, स्नातकोत्तर तथा शोधार्थियों की परीक्षा 12 अगस्त को आयोजित की जाएगी। परीक्षा सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक ऑनलाइन मोड में होगी, जिसमें प्रत्येक छात्र को 1 घंटे का समय मिलेगा। परीक्षा लिंक आधिकारिक वेबसाइट www.sanskritolympiad.in पर उपलब्ध होगी।
समन्वयक डॉ. योगेंद्र दीक्षित ने बताया कि परीक्षा में भारतीय दर्शन, संस्कृति, साहित्य, विज्ञान और प्राचीन भारत की उपलब्धियों से संबंधित प्रश्न शामिल होंगे। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र और पुरस्कार दिए जाएँगे। आयोजकों ने परीक्षा को सुचारु, पारदर्शी और तकनीकी रूप से सुलभ बनाने की पूरी तैयारी कर ली है।
