एसओएस बालग्राम में डेंगू रोकथाम हेतु जागरूकता कार्यशाला आयोजित

भोपाल, : जिला मलेरिया विभाग द्वारा एसओएस बालग्राम में डेंगू की रोकथाम और जागरूकता को लेकर एक विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में बालग्राम के स्टाफ को डेंगू के लक्षणों, बचाव के उपायों और मच्छर जनित रोगों के नियंत्रण के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। जिला मलेरिया अधिकारी श्रीमती स्मृता नामदेव ने बताया कि डेंगू फैलाने वाले ऐडीस मच्छर के लार्वा की पहचान और उन्हें नष्ट करने के तरीकों पर विशेष ध्यान दिया गया। उन्होंने साफ-सफाई बनाए रखने, पानी के खुले बर्तनों को ढककर रखने और बच्चों को पूरी बाजू के कपड़े पहनाने जैसे उपायों पर जोर दिया। साथ ही, मच्छरदानी के उपयोग को भी अनिवार्य बताया गया।कार्यशाला के दौरान मलेरिया विभाग की टीम ने बालग्राम परिसर में लार्वा सर्वेक्षण और रक्त पट्टी संग्रहण का कार्य भी किया। इसके अलावा, परिसर के जलस्रोतों में गंबूसिया मछली (लार्वा भक्षी मछली) छोड़कर जैविक तरीके से मच्छर नियंत्रण का प्रयास किया गया।इस मौके पर एसओएस बालग्राम की प्रभारी श्रीमती प्रेरणा गुप्ता, नर्सिंग इंचार्ज श्रीमती रितु पटेल और अन्य स्टाफ सदस्य मौजूद रहे। मलेरिया विभाग से वाहक जनित रोग सलाहकार श्रीमती रुचि सिलाकरी, निरीक्षक श्रीमती उर्मिला सिंह और टीम के अन्य सदस्यों ने एंटी-लार्वा गतिविधियों को सफलतापूर्वक अंजाम दिया।यह पहल बच्चों के स्वास्थ्य सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए की गई है, ताकि डेंगू जैसी बीमारियों से उन्हें बचाया जा सके।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular