हिनोतिया महलपुर में 3 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र का शुभारंभ

सांची विधायक श्री प्रभुराम चौधरी ने किया शुभारंभ, क्षेत्र के 15 से अधिक गांवों को मिलेगा बेहतर विद्युत आपूर्ति का लाभ

रायसेन । मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के रायसेन वृत्त अंतर्गत हिनोतिया महलपुर में एसएसटीडी योजना के तहत लगभग 3 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र का शुभारंभ सांची विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्री प्रभुराम चौधरी द्वारा किया गया।

विद्युत उपकेंद्र में 5 एमवीए क्षमता का पावर ट्रांसफॉर्मर स्थापित किया गया है। उपकेंद्र से 11 केवी के तीन फीडरों के माध्यम से संबंधित ग्रामीण क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति की जाएगी। उपकेंद्र के प्रारंभ होने से क्षेत्र में लो-वोल्टेज एवं ओवरलोडिंग की समस्या में कमी आएगी तथा विद्युत आपूर्ति की गुणवत्ता में सुधार होगा।

इन गांवों को मिलेगा लाभ

हिनोतिया महलपुर विद्युत उपकेंद्र से पठारी, हिनोतिया, माहेश्वरी, अमखेड़ा, बाबई, महलपुर पाथा, भूलन, जलालपुर, इमलिया, बाबलिया, छोटा सिलारी, बैरखेड़ी एवं सिरसौदा सहित क्षेत्र के 15 गांवों के उपभोक्ताओं को बेहतर विद्युत आपूर्ति का लाभ मिलेगा। नए उपकेंद्र से विद्युत भार का बेहतर प्रबंधन सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी। इससे घरेलू एवं कृषि उपभोक्ताओं को बेहतर वोल्टेज के साथ गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराने में सहायता मिलेगी।

कार्यक्रम में रायसेन वृत्त के महाप्रबंधक श्री संजीव सिंह, उपमहाप्रबंधक श्री नीरज चौरसिया एवं श्री वैभव त्रिपाठी तथा प्रबंधक श्री गौरव अटूट, श्री संजय पटेल एवं श्री सर्वेंद्र चौधरी सहित विद्युत विभाग के अन्य अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के प्रबंध संचालक श्री ऋषि गर्ग ने कहा है कि कंपनी सभी श्रेणी के विद्युत उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराने तथा क्षेत्र की विद्युत वितरण व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। हिनोतिया महलपुर में विद्युत उपकेंद्र का शुभारंभ इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular